टोक्यो पैरालंपिक की ऊंची कूद में भारत के प्रवीण को मिला रजत
टोक्यो । टोक्यो पैरालिंपिक खेलों में भारत के प्रवीण कुमार ने ऊंची कूद में रजत पदक जीता है। प्रवीण ने 2.07 मीटर की छलांग लगाते हुए यह पदक अपने नाम किया है। इस दौरान उन्होंने एशियाई रेकॉर्ड भी बनाया है। प्रवीण का यह टोक्यो ओलिंपिक में 11वां जबकि भारत का उंची कूद में चौथा पदक है। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक ब्रिटेन के ब्रूम-एडवर्ड्स जोनाथन ने 2.10 मीटर के साथ जीता जबकि पोलैंड के लेपियाटो मासिएजो को 2.04 मीटर की छलांग के साथ ही कांस्य मिला।
भारतीय टीम ने अब तक दो स्वर्ण, छह रजत और तीन कांस्य पदक हासिल किये हैं। यह पैरालिंपिक खेलों के इतिहास में भारतीय टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले भारतीय टीम ने साल 2016 के रियो ओलंपिक में 2 स्वर्ण सहित 4 पदक जीते थे। प्रवीण से पहले ऊंची कूद की टी63 स्पर्धा में भारत के मरियप्पन थंगावेलु को रजत, जबकि शरद कुमार को कांस्य पदक मिला।

No comments